ऑल इंडिया आंगनवाड़ी एम्प्लॉयीज़ फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, आंदोलन की रणनीति तय

नई दिल्ली, 28 दिसंबर 2025।राजीव डेरवी।
ऑल इंडिया आंगनवाड़ी एम्प्लॉयीज़ फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आज करोल बाग स्थित होटल रॉयल में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता श्रीमती प्रभावती सिंह ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती सावित्री चौधरी ने किया।
बैठक में नयी राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से निर्विरोध चयन किया गया, साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं की लंबित समस्याओं को लेकर आगामी राष्ट्रव्यापी आंदोलन की रूपरेखा भी तय की गई।
नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन
बैठक में निम्न पदाधिकारियों को निर्विरोध चुना गया—
राष्ट्रीय प्रवक्ता – श्रीमती आसमीन खातून
मुख्य राष्ट्रीय संयोजक – मो. यामीन अंसारी
राष्ट्रीय संयोजक – बालमुकुंद सिंहा
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष – श्रीमती रंजना राणा
राष्ट्रीय सचिव – श्रीमती प्रभावती सिंह
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सुशीला खत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि “फेडरेशन को मजबूत, अनुभवी और संघर्षशील नेतृत्व मिला है जो आने वाले अभियानों में निर्णायक भूमिका निभाएगा।”
मानदेय और न्यायालय के आदेशों पर चिंता
श्रीमती खत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर पूरी निष्ठा से लागू करती हैं, फिर भी उन्हें अत्यंत कम मानदेय मिलता है, वह भी समय पर नहीं।
उन्होंने गुजरात हाईकोर्ट के उस ऐतिहासिक निर्णय का भी उल्लेख किया जिसमें—
कार्यकत्रियों के लिए ₹24,800
सहायिकाओं के लिए ₹20,000
मानदेय को न्यायसंगत ठहराया गया था।
उन्होंने कहा कि “सरकारों द्वारा हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना गंभीर संवेदनहीनता को दर्शाती है।”
आंदोलन का ऐलान: दो चरणों में राष्ट्रव्यापी अभियान
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि लंबित मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्तर का आंदोलन चलाया जाएगा।
पहला चरण — 12 जनवरी 2026
देश के सभी जिलों में जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
दूसरा चरण — 17 फरवरी 2026
दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल धरना एवं जनसभा का आयोजन होगा।
इसमें देशभर से हजारों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं के शामिल होने की संभावना है।
नवचयनित पदाधिकारियों के बयान
मुख्य राष्ट्रीय संयोजक मो. यामीन अंसारी ने कहा—
“आंगनबाड़ी बहनें जितना कार्य करती हैं, उतना कार्य अनेक सरकारी कार्यालयों में भी नहीं होता। इसके बावजूद शासकीय कर्मचारी का दर्जा न मिलना अन्याय है।”
राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमती यासमीन खातून ने कहा—
“हम 6 सूत्रीय मांगें मनवाने के लिए निर्णायक संघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”
राष्ट्रीय संयोजक बालमुकुंद सिंह ने पूरे देश में लागू फेस कैप्चर प्रणाली को तुरंत समाप्त करने की मांग की।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्रीमती रंजना राणा सहित कई पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय में ज्ञापन सौंपा
बैठक समाप्त होने के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सुशीला खत्री ने प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय बाल विकास मंत्री के नाम ज्ञापन उनके कार्यालय में जाकर सौंपा।
उपस्थिति
बैठक में रुक्मणी यादव, रानी सिंह, ललितेश शर्मा, अंजली गर्ग, सीमा देवी, मुस्ताक खान सहित सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!