अंकिता भंडारी को मिलेगा न्याय, सीबीआई जांच से उठेगा सच का पर्दा : रश्मि चौधरी

लक्सर, गुरप्रीत सिंह। वरिष्ठ भाजपा नेत्री रश्मि चौधरी ने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता के परिवार के अनुरोध पर सीबीआई जांच के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिख दिया है, जिससे अब यह उम्मीद और मजबूत हुई है कि अंकिता को न्याय अवश्य मिलेगा।
रश्मि चौधरी ने कहा कि कुछ लोग इस संवेदनशील मामले में जरूरत से ज्यादा राजनीति करने पर तुले हैं, जो उत्तराखंड के निवासियों की भावनाओं के अनुकूल नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री स्वयं इस प्रकरण का संज्ञान ले चुके हैं और यह साफ कर दिया गया है कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना ही बड़ा पदाधिकारी क्यों न हो, दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि इस समय सबसे ज्यादा जरूरत अंकिता भंडारी के परिवार को सहयोग और संबल देने की है, इसलिए सभी राजनीतिक दलों और समाज के लोगों को मिलकर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में योगदान देना चाहिए।
रश्मि चौधरी ने कहा कि हर उत्तराखंडवासी चाहता है कि अंकिता भंडारी को न्याय मिले और इस जघन्य हत्या की वास्तविकता सामने आए। उन्होंने इसे उत्तराखंड के माथे पर लगा एक बदनुमा दाग बताते हुए कहा कि पारदर्शी और कानूनी कार्रवाई के माध्यम से ही इस दाग को धोया जा सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार पूरी ईमानदारी और गंभीरता के साथ न्याय दिलाने के लिए प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!