लक्सर,गुरमीत सिंह।ग्राम गाडौवाली में ग्राम प्रधान की कथित तानाशाही से ग्रामीण बेहद परेशान हैं। गांव में नल और नालियों की हालत खस्ता बनी हुई है, लेकिन मरम्मत या सफाई का कोई प्रभावी काम नहीं हो रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान नल, नालियों और तालाब सौंदर्यीकरण के लिए आने वाली धनराशि निकाल तो लेता है, लेकिन कार्यों पर इसका उपयोग नहीं किया जाता। नालियों में गंदगी जमी रहती है और कई जगह सड़कें भी टूट-फूट का शिकार हैं।
ग्राम वासी मोहम्मद आलिम अंसारी ने बताया कि वह इस संबंध में वीडीओ (ग्राम विकास अधिकारी) को भी कई बार तारीख देकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि ऐसा लगता है जैसे जिम्मेदार अधिकारी भी लापरवाह हैं और कोई सुनवाई नहीं हो रही।
उन्होंने आगे कहा—
“अगर यही स्थिति बनी रही तो मैं अपने गांव के विकास के लिए डीएम तक जाऊंगा। मैं ग्रामीणों की परेशानी नहीं देख सकता। मेरा घर ही मेरा परिवार नहीं, पूरा गांव मेरा घर और परिवार है। ग्रामीणों की समस्या मेरी समस्या है। मैं 24 घंटे अपने गांव वालों के लिए खड़ा रहूंगा और उनका सुख-दुख बांटूंगा। अपनी माताओं-बहनों के साथ अन्याय नहीं होने दूंगा। आने वाले 2027 के चुनाव में गांव को एक नया चेहरा दिखाई देगा, जो हममें से ही एक होगा।”
ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द नल, नालियों और सड़कों की मरम्मत कराई जाए, ताकि गांव में मूलभूत सुविधाएं पटरी पर आ सकें।
